
पावन भूमि हरदोई से हुआ था होली महापर्व का शंखनाद: अनूप ठाकुर
हरदोई से हुई थी होली की शुरुआत: अनूप ठाकुर
हरदोई( रीजनल एक्सप्रेस)। जिला हरदोई के ग्राम न्योरादेव स्थित स्वामी कल्याणानंद पीजी कॉलेज में आयोजित भव्य सामूहिक होली मिलन समारोह भक्ति और भाईचारे के रंगों में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कथावाचक अनूप ठाकुर महाराज ने एक महत्वपूर्ण तथ्य रखते हुए कहा कि होली महापर्व का आरंभ कहीं और से नहीं, बल्कि हरदोई की पावन भूमि से ही हुआ है।

उन्होंने पौराणिक संदर्भ देते हुए बताया कि भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और होलिका दहन की वह ऐतिहासिक घटना इसी धरा की विरासत है, जिससे इस पर्व की परंपरा का जन्म हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों को समाज की असली शक्ति बताया।
पुरानी परंपराओं से जुड़ने की सीख: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईजी रंजीत सिंह ने होली को सामाजिक समरसता और एकता का सूत्र बताया। वहीं पूर्व विधायक गंगा सिंह चौहान ने नई पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए अच्छे संस्कारों के विकास पर जोर दिया। विद्यालय के संस्थापक हर्षवर्धन सिंह ने वर्तमान दौर की विडंबना पर चोट करते हुए कहा कि आज का समाज मोबाइल में सिमटता जा रहा है और आपसी मेल-जोल कम हो रहा है। ऐसे में होली जैसे पारंपरिक पर्व हमें दोबारा अपनों के करीब लाने और प्रेम बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।
भजन और नाट्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन: समारोह में विद्यालय के नन्हे बच्चों ने मनमोहक नाट्य प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। वहीं महक ठाकुर (पुत्री अनूप ठाकुर) ने जब ‘श्रीरामचन्द्र कृपालु भजमन’ भजन की प्रस्तुति दी, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और लोग भावविभोर हो उठे।
पुष्प वर्षा और गुलाल से दी बधाई: समारोह में हजारों की संख्या में लोग उमड़े। मंच से पुष्प वर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सुनीता सिंह, उप प्रबंधक यशवर्धन सिंह, कोषाध्यक्ष ह्रदयांशवर्धन सिंह, संत बच्चा बाबा, समाजसेवी राजवर्धन सिंह ‘राजू’, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, राहुल सिंह फौजी, रामबीर सिंह (असलापुर), प्रवीण सिंह (हरदोइयां), आदर्श सिंह (सुहेडी), सुरेश यादव और विनोद सिंह (रामापुर) सहित आदि लोग मौजूद रहे।
#RegionalExpressNews #Hardoinews #Hardoi #letestnews #holi #Gangamela









